आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम छितौनी स्थित गोविंद साहब मठ की धार्मिक भूमि को फर्जी तरीके से हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शगुफ्ता खान पत्नी एहसान खान ने 7 अगस्त 2026 को थानाध्यक्ष अतरौलिया को प्रार्थना पत्र देकर पूर्व मंत्री बलराम यादव, संग्राम यादव, राम सागर यादव, महंत हरिशंकर दास और लेखपाल भानु प्रताप वर्मा समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और कप्तान आजमगढ़ को भी भेजी गई है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम छितौनी, परगना अतरौलिया में गाटा संख्या 25/0.170 हे. की भूमि गोविंद साहब मठ की है। इस भूमि पर बाबा टक-टका दास की समाधि, प्राचीन पीपल और पोखरा मौजूद है। आरोप है कि 2005 में पंचायती राज्य मंत्री रहते हुए बलराम यादव ने अपने लड़के संग्राम यादव के साथ मिलकर सत्ता का दुरुपयोग कर मठ के तत्कालीन महंत कोमल दास के मृत्यु उपरांत एक 11 से हरिशंकर दास के नाम फर्जी वरासत करा दी। इसके बाद 17.5.2005 को उक्त भूमि अपने दूसरे लड़के राम सागर यादव के नाम रजिस्ट्री करा ली गई। शगुफ्ता खान का कहना है कि जब 2009 में मामले का विरोध हुआ तो दबाव में 22.12.2009 को राम सागर यादव ने यह भूमि उपजिलाधिकारी आलापुर को दान कर दी, जबकि वह भूमि के मालिक ही नहीं थे। इस संबंध में तत्कालीन उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर रामसय गौतम ने 9.2.2010 को कलेक्टर को रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें फर्जी वरासत करने वाले लेखपाल भानु प्रताप वर्मा पर कार्यवाही की संस्तुति भी थी। पीड़ित पक्ष ने 2010 से अब तक थानाध्यक्ष, कप्तान और आईजी को कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। शगुफ्ता खान ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उक्त सभी लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी की रिपोर्ट और पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों की प्रति भी संलग्न की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *