युवा शक्ति संगठन ट्रस्ट ने पूरा किया 500 पौधे लगाने का लक्ष्य

‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ अभियान के तहत अम्बेडकर पार्क गड़ौली में लगाए गए 50 पौधे

लालगंज (आजमगढ़)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ अभियान के तहत 500 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। संगठन की ओर से चलाए गए इस अभियान में लोगों को पौधरोपण के लिए जागरूक करने के साथ-साथ हर घर में पेड़ लगाने का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया। इसी क्रम में अम्बेडकर पार्क गड़ौली में भी 50 पौधे लगाए गए। संगठन के सदस्यों ने बताया कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति को पौधरोपण में भागीदारी करनी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष भरतलाल यादव ने की। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण देने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
इस अवसर पर अभिषेक यादव, दुखरन कुमार गड़ौली, साहिल यादव, राजेश यादव, पिंटू नेता सहित युवा शक्ति संगठन के साथी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
युवा शक्ति संगठन ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे संगठन के ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ अभियान का हिस्सा बनें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने में सहयोग करें।