atrauliatimes.in
बूढ़नपुर नगर पंचायत में कई घंटों से बाधित विद्युत आपूर्ति को लेकर -रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित नगरवासियों ने कोयलसा बाजार में विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों अच्छेलाल दुर्गा लाल बिहारी राम जन्म देवेंद्र सिंह लोहा संतोष मिश्रा पप्पू सिंह चांदी पांडे राम अवध सोनू अमित आदि का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच सैकड़ों परिवार अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात आए आंधी-तूफान के दौरान एक विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद नगर पंचायत के लगभग 200 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली न होने से पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन की मरम्मत और टूटा पोल बदलने व फॉल्ट ठीक करने के नाम पर 8 से 10 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है। लोगों ने विभागीय कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया जाता, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।वहीं, मामले में विद्युत विभाग ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एसडीओ सत्य प्रकाश ने बताया कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति को अलग करने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण तकनीकी कारणों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि शाम तक बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
एसडीओ ने यह भी बताया कि आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हुए पोल को बदलने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और लगभग एक घंटे के भीतर टूटे हुए पोल को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
पैसे मांगने के आरोपों पर एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि विभाग का कोई भी कर्मचारी उपभोक्ताओं से इस प्रकार धन नहीं मांग सकता। यदि किसी कर्मचारी द्वारा अवैध रूप से पैसे मांगे जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्ति लिखित शिकायत दे, जांच कर दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल नगरवासियों की निगाहें विभाग के आश्वासन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।