atrauliatimes.in
बूढ़नपुर (आजमगढ़)। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के विकास खंड कोयलसा अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरिया के दुावे गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को बड़ी संख्या में तहसील पहुंचकर मतदाता सूची में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की नई मतदाता सूची में 200 से अधिक मतदाताओं के नाम बिना किसी सूचना के हटा दिए गए हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों के साथ तहसील पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता श्यामधर चौबे ने बताया कि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जब नई सूची का अवलोकन किया गया तो उसमें कई गंभीर त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के करीब 200 से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम सूची से गायब कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, उनका स्वयं का तथा उनके परिवार के कई सदस्यों का नाम भी मतदाता सूची में नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सूची से हटाए गए सभी मतदाताओं के नाम पुनः शामिल किए जाने की मांग की है।
वहीं पंचायत चुनाव के संभावित प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि उनका और उनके परिवार के कई सदस्यों का नाम भी मतदाता सूची से हटा दिया गया है, जबकि उन्होंने बीएलओ से मिलकर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई थीं। इसके बावजूद नाम काट दिया जाना गंभीर लापरवाही का मामला है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर नहीं किया गया, तो वे तहसील परिसर में व्यापक धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान हर-हर महादेव, अरुण, दीपमाला, शिवम, रमेश, सरिता, आदित्य, श्रवण, शुभम, प्रमोद, विनय, सीमा, सौरभ, उर्मिला, निर्मला, संध्या, नीरज, विवेक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने शिकायती पत्र देकर अपने नाम मतदाता सूची में पुनः दर्ज कराने की मांग की।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अभय राज पांडेय ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शिकायत गंभीर है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।