• गोपली पट्टी भेदौरा में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी पुलिस चौकी
  • गोकशी, छिनैती व आपराधिक गतिविधियों पर लगेगा प्रभावी अंकुश
    अतरौलिया। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने थाना अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम गोपली पट्टी भेदौरा में नई पुलिस चौकी के निर्माण हेतु भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
    प्रस्तावित पुलिस चौकी थाना अहरौला एवं पड़ोसी जनपद अम्बेडकरनगर की सीमा पर स्थित होगी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां पुलिस चौकी की स्थापना से गोकशी, राहजनी, छिनैती तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
    अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी चौकी
    एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस चौकी को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। चौकी परिसर में पुलिस कर्मियों के लिए कार्यालय, आरक्षी आवास, आधुनिक मेस, शौचालय समेत सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे पुलिस बल को क्षेत्र में चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर त्वरित कार्रवाई करने में सुविधा मिलेगी।
    भूमि पूजन कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी व ग्रामीण
    भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बुढ़नपुर, थाना प्रभारी अतरौलिया, क्षेत्रीय लेखपाल सहित आसपास की चार ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *