महंगाई, बेरोजगारी व कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सपा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के जिला नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं ने देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं, आरक्षण व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। पार्टी नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं के भविष्य पर संकट उत्पन्न होने तथा सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता प्रभावित होने की बात कही। साथ ही आरक्षण व्यवस्था, किसानों, पिछड़े वर्ग, दलितों एवं अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया गया।
सपा नेताओं ने ज्ञापन में यह भी कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा को आमजन के लिए सुलभ बनाने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार को उचित निर्देश दिए जाएं, जिससे आम जनता को राहत मिल सके और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बना रहे।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, कमलाकांत राजभर, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *