99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को दी गई अग्निवीर भर्ती एवं सैन्य करियर की विस्तृत जानकारीआज़मगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ के सभागार में भारतीय सेना में करियर एवं अग्निवीर भर्ती योजना विषयक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) से आए सूबेदार मेजर हरपाल सिंह ने कैडेटों को भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, अवसरों एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।अपने संबोधन में सूबेदार मेजर हरपाल सिंह ने कहा कि भारतीय सेना विश्व की सबसे सशक्त और प्रतिष्ठित सेनाओं में से एक है। इसका हिस्सा बनकर राष्ट्र सेवा करना प्रत्येक युवा के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीर योजना में समय-समय पर किए जा रहे सुधार एवं आकर्षक प्रावधान युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहे हैं। यह योजना युवाओं को न केवल देश सेवा का अवसर प्रदान करती है, बल्कि उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी देती है।उन्होंने सेना में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक दक्षता, चयन प्रक्रिया तथा प्रशिक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। साथ ही कैडेटों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से आए हवलदार सुरजीत दत्ता ने भी कैडेटों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं में देशभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति उत्साह का संचार करते हुए सेना में उपलब्ध करियर संभावनाओं और उसके गौरवशाली पक्षों से अवगत कराया।कार्यशाला का संचालन एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया, जबकि सेकेंड ऑफिसर डी.के. मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर एआरओ वाराणसी के स्टाफ, 99 यूपी बटालियन के पीआई स्टाफ, एनसीसी अधिकारीगण तथा विभिन्न जनपदों से आए बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम कैडेटों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ। Post navigation “महंगाई-बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन” कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा: ईट लदे ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत