मोहम्मद खालिद खान की रिपोर्ट

(अरबईन-ए-हुसैनी) का मरकज़ी व तारीखी जुलूस 6 अगस्त, बृहस्पतिवार, सुबह 6 बजे चौक स्थित वक्फ़ इमामबाड़ा तस्कीन-ए-ज़ैनब (अ.स.) से मजलिस के बाद शबीहे ज़ुलजनाह, ताबूत, ताज़िया और अलम के साथ बरामद होगा। जुलूस क़स्बे के प्रमुख मार्गों से होता हुआ खरीवां स्थित सदर इमामबाड़ा पहुंचकर सम्पन्न होगा।
अंजुमन तंज़ीम-ए-हुसैनी के ज़िम्मेदारों के मुताबिक़, इस ऐतिहासिक जुलूस में 72 शबीहे ताबूत की ज़ियारत कराई जाती है। इसमें सरायमीर के अलावा आसपास के इलाक़ों से बड़ी तादाद में अज़ादार और ज़ायरीन शरीक होते हैं। इसे देखते हुए जुलूस के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए तैयारियां जारी है।
शिया कमेटी के मीडिया इंचार्ज मोहम्मद हुसैन ने बताया कि जुलूस के इंतज़ामात को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, साफ़-सफ़ाई, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई है, ताकि अज़ादारों और ज़ायरीन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जुलूस में अंजुमन फ़रोग़-ए-अज़ा बाराबंकी, अंजुमन आबिदिया करीमपुर जलालपुर, अंजुमन फ़िरदौसिया गोपालपुर (बिहार) तथा अंजुमन अंसार-ए-हुसैन बनारस के अलावा विभिन्न उलमा-ए-किराम और ज़ाकिरीन भी शिरकत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *