बूढ़नपुर (आजमगढ़)। मेहदवारे गांव में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष त्रिलोक नाथ ने उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को ज्ञापन सौंपकर गांव में शीघ्र नाली निर्माण कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि मेहदवारे गांव के ग्रामीण वर्षों से जलभराव और गंदे पानी की समस्या से परेशान हैं। नाली न होने के कारण बरसात और सामान्य दिनों में भी गंदा पानी सड़कों व आबादी क्षेत्र में जमा रहता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।
जिलाध्यक्ष त्रिलोक नाथ ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार धरना-प्रदर्शन किए गए तथा संबंधित अधिकारियों को दर्जनों शिकायती पत्र भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले 15 जून को प्रातः 10 बजे से तहसील परिसर बूढ़नपुर में अनिश्चितकालीन अनशन एवं भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मेहदवारे गांव में नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान यूनियन ने प्रशासन से जनहित में तत्काल कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपे जाने के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब ग्रामीणों और किसान नेताओं की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *