मोहम्मद खालिद खान की रिपोर्ट

जौनपुर
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार की देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दुर्गा माता मंदिर के सामने हुई फायरिंग में बबरखा गांव निवासी विपिन यादव (32) के सीने में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद 16 वर्षीय अंश के घुटने में गोली जा लगी। अचानक हुई गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में भगदड़ मच गई। दहशत में दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं।
रियाजुल की रिपोर्ट के मुताबिक
बताया गया कि बबरखा गांव निवासी विपिन यादव पुत्र मेहीलाल यादव बुधवार रात अपने साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से करंजाकला बाजार आया था। इसी दौरान थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने उसकी कार को रोक लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है। गोलीबारी में विपिन के सीने और अंश के घुटने में गोली लगी हुई है।
फायरिंग के बाद बाजार में शोर सुनकर हमलावरों में घबराहट और अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद थार सवार हमलावर जौनपुर की ओर, जबकि स्कार्पियो सवार मल्हनी बाजार की तरफ भाग निकले। इधर खून से लथपथ दोनों घायलों को उनके साथियों ने तत्काल उसी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चार गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा बाजार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर शाम लगभग नौ बजे के समय बाजार में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ ही क्षण में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें बंद हो गईं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के खुलासे के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से घायल विपिन यादव के खिलाफ पूर्व में हत्या का मुकदमा दर्ज रहा है। बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पूर्व वह हत्या के एक मामले में जेल भी गया था और कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया है। ऐसे में पुलिस घटना को उसके पुराने आपराधिक इतिहास और संभावित रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। बाजार में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।मौके पर पुलिस के आला अधिकारी मौजूद है आम जनता का कहना है कि जब सरेआम गोलियां चल रही है तो ऐसे में पुलिस का इकबाल कैसे बुलंद हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *