मनरेगा बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान यूनियन का तहसील पर प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बूढ़नपुर (आजमगढ़)। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ के नेतृत्व में बुधवार को बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता बूढ़नपुर तहसील परिसर पहुंचे और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी अभयराज पाण्डेय को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसान यूनियन ने मनरेगा योजना को पूर्व की भांति प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि मनरेगा से ग्रामीण मजदूरों को रोजगार की गारंटी मिलती थी, लेकिन नई व्यवस्थाओं के कारण गरीब एवं श्रमिक वर्ग की आजीविका प्रभावित हो रही है।

किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जां रहे स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में हुई बेतहाशा वृद्धि पर भी नाराजगी जताई और बढ़े हुए बिलों को वापस लेने की मांग की। साथ ही कहा कि नहरों में पर्याप्त पानी न होने से धान की रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मेहदवारा गांव की जल निकासी एवं नाली निर्माण की समस्या का भी उल्लेख किया गया। किसान यूनियन का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

जिला अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही किसानों और आम जनता की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो किसान यूनियन तहसील परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान राम निहोर, निडर, केसरी देवी, उर्मिला राजभर, अमरावती, संत राजी, मीरा देवी, ममता देवी, मुनिता देवी, प्रेम जी, प्रेम देवी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *