मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं, ताजियादारों एवं गणमान्य नागरिकों से किया संवाद

आजमगढ़, 17 जून 2026।

आगामी मोहर्रम पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम पर्व को परंपरागत तरीके से मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। अधिक ऊंचाई होने पर विद्युत तारों के संपर्क में आने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सभी आयोजकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।

बैठक में मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की स्थिति, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *